Stock Market Update Today: मिले जुले ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में उतार चढ़ाव देखने को मिला है. आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स की शुरूआत जोरदार तेजी के साथ हुई थी. लेकिन बाद में दोनों इंडेक्स लाल निशान में चले गए. हालांकि अंत में बाजार मजबूत होकर बंद हुए. बैंक शेयरों से बाजार को बूस्ट मिला है. आज सेंसेक्स करीब 250 अंक मजबूत हुआ है, जबकि निफ्टी 18200 के पार बंद हुआ. आज बैंक शेयरों में जोरदार रैली देखने को मिली है. कारोबार में निफ्टी बैंक इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा तो निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 4 फीसदी मजबूत हुआ. ऑटो, एफएमसीजी, मेटल और फाइनेंशियल इंडेक्स में भी बढ़त है. आईटी और रियल्टी शेयरों में भी खरीदारी रही है. जबकि फार्मा इंडेक्स कमजोर होकर बंद हुआ.
फिलहाल सेंसेक्स में 235 अंकों की मजबूती रही है और यह 61185 के लेवल पर बंद हुआ है. जबकि निफ्टी 86 अंक बढ़कर 18202 के लेवल पर बंद हुआ है. हैवीवेट शेयरों में खरीदारी रही है. सेंसक्स 30 के 19 शेयर हरे निशान में बंद हुए हैं. आज के टॉप गेनर्स में SBI, TATASTEEL, ICICIBANK, MARUTI, M&M, HDFCBANK, HDFC शामिल हैं. जबकि ASIANPAINT, BAJAJFINSV, SUNPHARMA, Titan, Kotak Bank, DRREDDY टॉप लूजर रहे हैं.
