तलवार लहराकर आतंक मचा रहे पांच लोग चढ़े पुलिस के हत्थे

by sadmin
Spread the love

जगदलपुर। शहर के गोरिया बहार नाला इलाके में तलवार लहराते हुए आतंक फैला रहे पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। सिटी कोतवाली के टीआई एमन साहू और उनकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद असरोपियों को काबू में कर लिया। बताते हैं कि ये लोग किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से कार पर सवार होकर पहुंचे थे। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों से दुर्ग आरटीओ में रजिस्टर्ड कार और तलवार बरामद की गई है।
 बस्तर के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में आम जगह पर तलवार लहराकर, लोगों को डराने धमकाने वाले पांच आरोपियों पर कार्यवाही करने में बस्तर पुलिस को सफलता मिली है। बताया जाता है कि शहर के गोरिया बहार नाला क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों के द्वारा तलवार लहराकर, लोगों को डराने एवं दहशत का माहौल पैदा किए जाने की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को मिली थी।

सूचना पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा के मार्गदर्शन एवं  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाॅल, नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के सुपरविजन में थाना प्रभारी कोतवाली एमन साहू, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक (परिवीक्षाधीन) आशीष नेताम के नेतृत्व में कार्यवाही हेतु टीम गठित की गई। इस टीम ने घेराबंदी कर पांच संदेहियों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों के नाम अलफाज अली निवासी ईतवारी बाजार, हरेकृष्ण पाण्डे निवासी हिकमीपारा, मोहम्मद सैफुद्दीन निवासी दंतेश्वरी वार्ड, रितेश पटवा निवासी चांदनी चौक, तथा मोईनुद्दीन निवासी अनुपमा चौक हैं। आरोपियों की उम्र 19 से 23 वर्ष के बीच की है।ये आरोपी धारदार तलवार लहराकर लोगों को भयाक्रांत कर रहे थे। बरामद कार दुर्ग पासिंग है। मामले में पांचों आरोपियों के विरूद्ध थाना सिटी कोतवाली जगदलपुर में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया है। मामले में आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार एवं कार सीजी -07- एम. 6655 बरामद कर उनकी जप्ती बनाई गई है। मामले में पांचों आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया है। आरोपियों को पकड़ने में नगर निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक द्वय प्रमोद ठाकुर व रनेश सेठिया सहायक उप निरीक्षक  लंबोदर कश्यप तथा आरक्षक रवि सरदार व युवराज सिंह ठाकुर ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!