आपने अक्सर लोगों के हाथ, पांव या बच्चों की कमर या गले में काला धाग देखा होगा। लोगों के बीच यह मत है कि काले धागे को पहनने से बुरी नजर नहीं लगती है। नकारात्माक ऊर्जा दूर रहती है और किसी भी बुरी शक्ति का प्रभाव व्यक्ति विशेष पर नहीं होता है। लेकिन क्या केवल एक धागा पहन लेने से बुरी नजर से बचाव हो सकता है? क्या यह व्यक्ति के दुखों का नाश कर सकता है? लेकिन ज्योतिषाचार्य डॉ राधाकांत वत्स का ये कहना है कि काला धागा पहनना हर किसी के लिए एक जैसा और शुभ परिणाम नहीं लाता। यानी कि ये जरूरी नहीं कि अगर किसी एक व्यक्ति को काला धागा पहनने के बाद नजर नहीं लग रही या बुरी शक्तियों से वह प्रभावित नहीं हो रहा तो किसी अन्य व्यक्ति पर भी ऐसा ही हुबहू असर हो। कुछ लोगों के लिए काला धागा पहनना अशुभ परिणाम भी ला सकता है।
ये लोग न धारण करें काला धागा
डॉ राधाकांत वत्स के अनुसार, दो राशि के लोगों को काला धागा बांधने से बचना चाहिए। वो दो राशियां हैं वृश्चिक और मेष। दरअसल, वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल माने जाते हैं और मंगल का रंग होता है लाल। माना जाता है कि मंगल ग्रह को काले रंग से बैर है। इसलिए वृश्चिक राशि के लोगों को काला धागा कतई नहीं बांधना चाहिए। इससे इस राशि के लोगों पर उल्टा और नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
वहीं, मेष राशि के स्वामी भी मंगल ही हैं। इसी कारण से ही मेष राशि के लिए भी काला धागा पहनना अशुभ फलदायी साबित हो सकता है। अगर इन दो राशियों के लोग काला धागा पहनते हैं तो इससे उन्हें बुरे परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
