दुर्ग। एकतरफा प्रेम के चलते युवक ने खौफनाक घटना को अंजाम दे दिया. युवती पर जानलेवा हमला किया. युवती का इलाज जारी है. घटना को अंजाम देने के बाद युवक ने फांसी लगा ली थी. उसकी मौत हो गई है. दुर्ग के जामगांव आर थाना क्षेत्र के ग्राम गब्दी का मामला है. युवक ने पहले युवती के घर जाकर उसके गले में धारदार हथियार से हमला किया. लहूलुहान होकर युवती वहीं गिर गई तो आरोपी खुद फांसी के फंदे पर झूल गया.
समय रहते डायल 112 की टीम ने युवती को अस्पताल पहुंचाया जिससे उसकी जान बच गई. 22 वर्षीय युवक श्रवण कुमार नेताम अपने पड़ोस की 22 वर्षीय युवती से एक तरफा प्रेम करता था. युवती उसे पसंद नहीं करती थी. देर शाम अचानक आरोपी युवती के घर धारदार हथियार लेकर पहुंचा. युवती से कहने लगा कि वह उससे बहुत प्यार करता है. अगर वो उसकी नहीं होगी तो किसी और की भी नहीं होगी. गले में वार कर दिया. इसके बाद श्रवण वहां से फरार हो गया.
घर के अंदर बैठे माता पिता चीख सुनकर बाहर आए तो बेटी को खून से लथपथ देखा. जामगांव आर पुलिस सूचना मिलते ही घटना स्थल पहुंची. पुलिस श्रवण को पकड़ने के लिए तलाश कर ही रही थी कि उन्हें पता चला कि उसने फांसी लगा ली है. पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस गब्दी गांव के सुनसान क्षेत्र में खेत किनारे पहुंची. वहां पेड़ पर उसने फांसी लगाई थी. पुलिस ने उसके शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई कर पीएम के लिए भिजवाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
