मौसम विभाग के बेंगलुरु में और बारिश होने के पूर्वानुमान से सहमे लोग

by sadmin
Spread the love

बेंगलुरु । बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे बेंगलुरु में और बारिश होने का पूर्वानुमान है। सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को चिंता में डाल दिया है, जो दिनचर्या में लौटने की तैयारी कर रहे थे। क्योंकि एक दिन पहले बारिश से थोड़ी राहत मिली थी और जलमग्न इलाकों में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हुआ है।
जो इलाके और अपार्टमेंट्स डूबे हैं, वहां के निवासी जल निकासी और अपने मकानों तथा भूतल से कीचड़ साफ करने की कोशिश कर रहे हैं। बुरी तरह प्रभावित कुछ इलाकों में अब भी बत्ती गुल हैं, पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है। हालांकि, अधिकारी बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिशों में जुटे हैं। जलभराव से प्रभावित शहर के ज्यादातर हिस्सों में पानी की निकासी की जा रही है, जिससे आवाजाही सुचारू हो सके है। आउटर रिंग रोड तथा मरथाहल्ली और नजदीकी इलाकों में कुछ रास्तों पर अब भी जलभराव के कारण दिक्कत आ रही है।
बाढ़ग्रस्त इलाकों और अपार्टमेंट्स में रहने वाले कुछ लोग नुकसान का आकलन करने तथा साफ-सफाई के लिए अपने घर लौट रहे हैं। ये लोग पहले सुरक्षित स्थानों की तलाश में अपने रिश्तेदारों या दोस्तों के घर या होटलों में चले गए थे। एक व्यक्ति ने कहा, ‘हालात में धीरे-धीरे सुधार होने पर मैं अपना घर देखने और सफाई करने के लिए गया लेकिन बाकी बचा पानी निकालने के लिए पंप की कमी लग रही है। क्योंकि अभी उनकी बहुत मांग है। बिजली कटौती भी जारी है… उम्मीद करते हैं कि और भारी बारिश न हो।
एक अन्य निवासी ने कहा कि और बारिश न हो वरना समस्या और बढ़ेगी। भूतल में बाढ़ का पानी घुसने के कारण ज्यादातर अपार्टमेंट्स के जेनरेटर और बिजली के बैक-अप उपकरण खराब हो गए हैं। बेंगलुरु में मौसम विज्ञान कार्यालय ने शहर में अगले 48 घंटों के लिए गुरुवार को सुबह अपने पूर्वानुमान में कहा कि हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ने की प्रबल संभावना है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!