वन होम, वन ट्री महा अभियान कल पौधरोपण का सबसे बड़ा दिन, आईये अपने घर लगाएं एक पौधा

by sadmin
Spread the love

-प्रकृति को सहेजने का सबसे बड़ा यज्ञ आपकी आहूति से होगा सफल, एक पौधा लगाकर प्रकृति को सहेजने की दिशा में बढ़ाएं सबसे बड़ा कदम
-सामूहिक रूप से भी कार्यालयों, औद्योगिक परिसरों, स्कूलों-आंगनबाड़ी, उद्यानों आदि में लगाए जाएंगे पौधे
दक्षिणापथ,दुर्ग।
पौधरोपण के लिए आयोजित होने वाले महा अभियान के कार्यक्रम पहले सार्वजनिक स्थलों में आयोजित होते थे। हरियाली की बढ़ती महत्ता को देखते हुए अब इसे केवल सार्वजनिक स्थलों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। जब हर घर में पौधे लगेंगे तभी प्रकृति को सहेजा जा सकेगा। इस सोच के चलते कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने नवाचारी पहल करते हुए वन होम, वन ट्री महा अभियान आरंभ करने का निर्णय लिया। पिछले साल पूरे जिले में इस अभियान के अंतर्गत लगभग पांच लाख पौधे रोपे गए थे। इस बार भी यह अभियान आज के ही दिन छह जुलाई को होना है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने इस अवसर पर जिले के सभी रहवासियों से अपने घरों में एक पौधा लगाने की अपील की है।
हर घर पौधा क्यों जरूरी
दुर्ग जिला औद्योगिक प्रधान है। स्वाभाविक रूप से वातावरण को शुद्ध करने में पेड़ों की अहम भूमिका होती है। हमारे आसपास जितने पेड़ होंगे, हमारे फेफड़े उतने ही शुद्ध होंगे। पेड़ों से आक्सीजन की आपूर्ति होती है। स्वच्छ प्राणवायु के लिए पौधे बेहद आवश्यक हैं। हरियाली का दायरा उतना ही बढ़ेगा।
जलसंरक्षण के लिए भी पौधों की अहम भूमिका

शहरों में जलस्तर के तेजी से गिरावट की बड़ी वजह पौधों की कमी भी होती है। पौधे अपनी जड़ों के माध्यम से पानी संचित करके रखते हैं इससे भूमिगत जल का रिचार्ज होता रहता है। मिट्टी के कटाव को रोकने में भी इसकी अहम भूमिका होती है।
तैयारियां चरम पर
सभी निगम क्षेत्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पौधरोपण के लिए तैयारियाँ युद्धस्तर पर की गई हैं। डीएफओ श्री धम्मशील गणवीर ने कैसे सही तरीके से पौधा लगाएं, इस बारे में वीडियो जारी किया है। भिलाई निगम में आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी के मार्गदर्शन में घरों में पौधे वितरित कराने का व्यापक अभियान किया गया है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों पर कदंब, गुलमोहर आदि के पौधे भी लगाने के निर्देश दिये गए हैं। दुर्ग निगम में पार्कों में आने वाले नागरिकों को भी पौधे वितरित किये गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत सीईओ श्री सच्चिदानंद आलोक के मार्गदर्शन में फलदार पौधे एवं ग्रामीणों की माँग पर अन्य पौधे वितरित किये गए हैं।
जनप्रतिनिधियों ने भी दिये संदेश
हरियाली को सहेजने लगाए पौधा- गृह एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना एवं इसे सहेजना सबसे बड़ी चुनौती है। दुर्ग जिला प्रशासन द्वारा वन होम, वन ट्री अभियान चलाया जा रहा है। दुर्ग जिले के रहवासी हमेशा से ऐसे जनसरोकार के कार्यक्रम में पूरा योगदान देते हैं। वे अपने घर पौधे लगाकर इस अभियान को सफल बनाएंगे।
हर घर हो पौधा
कृषि एवं जलसंसाधन मंत्री रविंद्र चौबे ने अपने संदेश में कहा कि हर घर में एक पौधा लगेगा तो हरियाली का दायरा बहुत बढ़ जाएगा। पौधे लगने से शुद्ध हवा तो मिलेगी ही, प्रकृति को भी सहेजने में मदद मिलेगी।
अपने घर लगाएं पौधा
पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने अपने संदेश में कहा कि पौधरोपण पुनीत कार्य है। इस कार्य में सबकी भागीदारी होनी चाहिए।
अभियान बेहद महत्वपूर्ण
विधायक अरुण वोरा ने अपने संदेश में कहा कि दुर्ग शहर को हरा-भरा रखने में इस अभियान से काफी सहयोग मिलेगा। हम सब अपने घरों में पौधा लगाएं और दुर्ग में हरियाली का दायरा बढ़ाएं।
हरियाली की दिशा में बड़ा कदम
भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने अपने संदेश में कहा कि वन होम, वन ट्री अभियान हरियाली को सहेजने एवं आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण अभियान है। हर घर में एक पौधा लगेगा तो हरियाली स्वत: ही बहुत बढ़ जाएगी।
संकल्प लें पौधा लगाएंगे
दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने इस अवसर पर अपने संदेश में कहा कि वन होम वन ट्री अभियान हरियाली प्रसार के लिए बहुत अच्छा अभियान जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा है।

Related Articles

error: Content is protected !!