सवारी बनकर चढ़ा फिर सीट बेल्ट में बांधकर टैक्सी चालक को सड़क पर घसीटा, मौत

by sadmin
Spread the love

दिल्ली । दिल्ली पुलिस ने महिपालपुर इलाके में एनएच-8 पर टैक्सी को लूट कर उसके चालक बिजेंदर को करीब एक किलोमीटर तक घसीटने हुए मौत के घाट उतारने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

महिपालपुर में लूट के बाद टैक्सी से चालक बिजेंदर को घसीट कर हत्या करने वाले दोनों आरोपी अभी मेरठ में ही हैं। दिल्ली पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेगी। उसके बाद दिल्ली लेकर आएगी। दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली लाकर उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। दिल्ली पुलिस अधिकारी आरोपियों से पूछताछ करने में लगे हुए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि उन्हें पता था कि टैक्सी के साथ चालक घिसट रहा है उसके बावजूद आरोपियों ने टैक्सी को नहीं रोका।
दक्षिण पश्चिम जिला टीम और उत्तर प्रदेश पुलिस, मेरठ जिला टीम के संयुक्त अभियान में मेहराज सलमानी (33 वर्ष) और आसिफ (24 वर्ष) को मेरठ से बुधवार रात गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने बिजेंदर की टैक्सी में साकेत से सवारी बनकर बैठे थे।
इनको पता था कि चालक बिजेंदर शाह टैक्सी के साथ घिसट रहा है, उसका हाथ सीट बेल्ट में फंसा था। इसके बावजूद आरोपियों ने टैक्सी नहीं रोकी। आरोपियों का कहना है कि पकड़े जाने के डर से टैक्सी नहीं रोकी थी। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त लॉ एण्ड आॅर्डर डा. सागरप्रीत हुड्डा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बिजेंदर की टैक्सी बरामद कर ली गई है।

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के   अनुसार वसंतकुंज, नार्थ थाना पुलिस को मंगलवार रात 11.37 बजे पीसीआर कॉल मिली थी कि एनएच-8 की सर्विस रोड पर एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा हुआ है। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान फरीदाबाद निवासी बिजेंदर (43) के रूप में हुई।
हत्या का मामला दर्जकर जिला पुलिस उपायुक्त मनोज सी की देखरेख में एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी में स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर पवन दहिया की देखरेख में एसआई अशोक ,स्पेशल स्टाफ, एसआई महेश ,एएटीएस, एसआई मनीष स्पेशल स्टाफ और एसआई जयवीर एबीसी आदि को शामिल किया गया। एसआई अशोक की देखरेख में बनी पुलिस टीम को लीड मिली कि आरोपी मेरठ से हो सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने मेरठ की पुलिस से सहायता मांगी। इंस्पेक्टर पवन दहिया व एसआई अशोक की टीम ने सीओ कोतवाली अमित राय, थानाध्यक्ष लिसाड़ी गेट जितेंद्र सिंह, एसआई पंकज शर्मा की सहायता से दोनों आरोपी मातावाली गली 2, लोहिया नगर, मेरठ निवासी मेहराज सलमानी पुत्र मेहबूब और शाहजहांपुर निवासी आसिफ पुत्र अनवर को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!