भिलाई, ShorGul.news । छत्तीसगढ़ की आकांक्षा बनाफर को सीनियर भारतीय महिला वॉलीबॉल कोचिंग शिविर में भाग लेने के लिए चुना गया है। यहां से चयनित टीम 14 खिलाड़ी 23 सितंबर से 8 अक्टूबर 2023 तक हांगझू, चीन में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों (एशियाड) में भाग लेंगे। भिलाई की आकांक्षा और कोमल ने 29 जून से 1 जुलाई 2023 तक बैंगलोर में आयोजित चयन ट्रायल में भाग लिया। इस दौरान कोमल का चयन नहीं हो पाया लेकिन आकांक्षा का चयन नेशनल कैंप के लिए हो गया।
पूरे भारत से चुने गए 28 खिलाड़ियों में रेलवे से 11, केरल से 10, तमिलनाडु से 02 और गुजरात, हरियाणा, दिल्ली, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ से एक-एक सदस्य शामिल हैं। आकांक्षा बनाफर छत्तीसगढ़ की पहली खिलाड़ी बन गई हैं जिनका चयन नेशनल कोचिंग कैंप के लिए हुआ। चीन में एशियाई खेलों के लिए आगे बढ़ने से पहले सभी खिलाड़ियों को दो महीने के गहन प्रशिक्षण शिविर से गुजरना होगा।
आकांक्षा बानाफ़र अपने स्कूल (डीपीएस, दुर्ग) के दौरान HVC भिलाई की नियमित खिलाड़ी रहीं। पिछले साल अपग्रेड कोचिंग पाने के लिए वह SAI, तिरुवनंतपुरम चली गईं। अपने अब तक के वॉलीबॉल करियर में उन्होंने छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल टीम से मिनी, सब जूनियर, जूनियर नेशनल में एक-एक बार, जूनियर स्कूल नेशनल में दो बार, खेलो इंडिया यूथ गेम्स में दो बार, जूनियर और सीनियर खेलो इंडिया महिला लीग में एक-एक बार और साउथ जोन इंटर यूनिवर्सिटी में वॉलीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
आकांक्षा राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में बीएसपी महिला वॉलीबॉल टीम की नियमित और प्रमुख खिलाड़ी थीं। उन्हें सूरजपुर में आयोजित राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप का सर्वश्रेष्ठ अटैकर भी चुना गया था, जहां उनकी टीम चैंपियन बनी थी l उनके चयनित होने पर मोहम्मद अकरम खान, सत्येन्द्र पांडे, एसएन नेमा, एन हन्फी, जी सुरेश, हेमप्रकाश नायक, इंदरजीत सिंह (छोटू भैया), एनबी लालसन, निर्मल सिंह, सुधीर खंडेलवाल सहित छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल एसोसिएशन ने उन्हें बधाई दी है।
