बिलासपुर से पकड़ाए भिलाई के सटोरिए, चार लैपटॉप व 23 मोबाइल सहित एटीएम व चेकबुक जब्त

by sadmin
Spread the love

भिलाई, ShorGul.news । महादेव बुक, रेड्‌डी अन्ना जैसे ऑनलाइन ऐप के जरिए सट्टा खिलाने वाले सटोरियों को जामुल पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। बिलासपुर जिले के राजकिशोर नगर क्षेत्र में महादेव बुक 128 एवं रेड्डी बुक-421 नाम के ब्रांच में 02 पैनल का संचालन हो रहा था। पुलिस को पुराने केस के इनपुट से इनकी जानकारी मिली और जामुल पुलिस ने बिलासपुर पुलिस के सहयोग से कुल सात सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों से पुलिस ने 4 लेपटॉप, 23 मोबाईल, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं अन्य दस्तावेज बरामद किया है।

दुर्ग पुलिस लगातार ऑनलाइन सट्टा के कारोबार पर नजर रखे हुए है। दो दिन पहले भी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले आरोपियों को पकड़ा था। इन आरोपियों से बिलासपुर में उनका एक अन्य ब्रांच संचालित होने की जानकारी मिली। इसके बाद एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा एवं थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक याकूब मेनन के नेतृत्व में विशेष टीम द्वारा सूचना के आधार पर बिलासपुर के राजकिशोर नगर पर एक किराये के मकान में दबिश देकर ऑन-लाईन सट्टा महादेव ब्रांच क्रमांक 121 एवं रेड्डी बुक क्रमांक 421 का संचालन कर रहे 07 आरोपियों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र सिंह निवासी सुपेला भिलाई, जसवंत सिंह निवासी शांति नगर सुपेला भिलाई, रोशन सिंह निवासी सेक्टर 04 भिलाई, निलेश कुमार निवासी ग्राम सोनहट कोरिया, मनीष टारोन भिलाई, भूपेन्द्र कुमार सेक्टर 05 भिलाई व दीपक सिंह निवासी जिला बागपत उत्तर प्रदेश शामिल है। उक्त ब्रांच के आरोपियों के कब्जे से 04 नग लेपटॉप, 23 नग मोबाईल, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं दस्तावेज जप्त किया गया जो कि ऑन लाईन सट्टे के कारोबार में उपयोग में लाया जा रहा था। हिरासत में लिये गये व्यक्तियों पर वैधानिक कार्यवाही थाना जामुल से की जा रही है। उक्त कार्रवाई में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट से एएसआई पूर्ण बहादुर, आरक्षक अनुप शर्मा, जुगनू सिंह, समीम खान, शिव मिश्रा व थाना जामुल से एएसआई इमानवेल खलखो, प्रधान आरक्षक विजय साहू, आरक्षक अरविंद यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!