रायपुर। दीपावली की सफाई करते-करते एक चोरनी घर के गहने ही साफ कर गई। गिरफ्तार होकर वह अब जेल में है। चोरनी शातिर बताई जाती है। प्रार्थी ने रिपोर्ट में महिला पर संदेह जताया था। पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त घर के लोग मौजूद थे इसीलिए बाहरी व्यक्ति की बात सामने नहीं आ रही थी, अलबत्ता महिला के मिले हुलिए के आधार पर तत्काल खोजबीन शुरू की गई और मजदूर से मिली सूचना पर पकड़ा गया।
आम लोगों के घरों में काम करने के बहाने चोरी करने वाली इस शातिर महिला को पुलिस ने गिरफतार कर लिया है। पकड़ी गई महिला के कब्जे से चोरी किए गए 25 हजार के जेवरात व अन्य सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी महिला को 2 नवंबर को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
उरला पुलिस ने बताया कि मामले में चित्ररेखा शर्मा पति मणिकांत शर्मा निवासी बगलेड़ी थाना साजा जिला बेमेतरा हाल मुकाम सुभाष चौक बीरगांव थाना उरला जिला रायपुर को गिरफतार किया गया है। महिला ने रूपेश कुमार तिवारी पिता हिमलेश तिवारी निवासी सुभाष चौक के घर में दीपावली सफाई के दौरान 15 अक्टूबर को दिन में 11 से 5 बजे के दौरान मौका पाकर घर की आलमारी से सोने के जेवर पार कर दिए। इन जेवरातों में लॉकेट, चांदी की अगूंठी, चांदी की चेन व मोबाइल सहित अन्य सामान शीमिल था।
