बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के पण्डित चक्रपाणि स्कूल मैदान में राज्योत्सव का आयोजन किया गया। देर रात तक छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति एवं रीति-रिवाजों पर केन्द्रित रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। आयोजन ने दर्शकों का मन मोह लिया।
राज्योत्सव की मुख्य अतिथि संसदीय सचिव शकुन्तला साहू ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर विशेष अतिथि पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, विधायक बलौदाबाजार प्रमोद शर्मा, अनुसूचित जनजाति आयोग सदस्य गणेश ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश कुमार वर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चित्तावर जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष योगेश सुमन वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सरिता ठाकुर व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शकुन्तला साहू ने छत्तीसगढ़ राज्य के 22वीं स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का चहुंमुखी विकास हो रहा है। यहां की विलुप्त होती संस्कृति, कला एवं परम्परा को पुनःस्थापित किया जा रहा है। आज छत्तीसगढ़ अपनी संस्कृति, कला एवं परम्परा से जुड़ रहा है। कोविड संक्रमण के दौर में भी सीएम ने लोगों के विकास, प्रगति एवं खुशहाली के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं। हमारी सरकार की सभी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग उत्सवधर्मी हैं।
जीवन की पीड़ा हर लेता है उत्सव
उत्सव जीवन की पीड़ा हर लेती है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को पुनर्जीवित करने का काम सीएम भूपेश बघेल ने किया है। सीएम स्वयं अपने निवास में हर छत्तीसगढ़ी तीज-त्योहार को मनाकर उनका सम्मान करते हैं। समारोह को छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, विधायक बलौदाबाजार प्रमोद शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष चित्तावर जायसवाल ने भी सम्बोधित किया।
राजकीय गमछे से स्वागत
राज्योत्सव में पहुंचे अतिथियों का छत्तीसगढ़ की पारम्परिक पहचान राजकीय गमछा से आत्मीय स्वागत किया गया। कलक्टर रजत बंसल ने स्वागत भाषण से प्रशासनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। आभार ज्ञापन जिला पंचायत सीईओ गोपाल वर्मा ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक झा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य परमेश्वर यदु, जनपद अध्यक्ष पलारी खिलेन्द्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं अधिकारी उपस्थित थे।
