आरंग में बनी हत्या की योजना :दिल्ली और झारखंड से बुलाए गए थे सुपारी किलर, 2 संदेही गिरफ्तार,

by sadmin
Spread the love

दुर्ग।  जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई सराफा व्यापारी सुरेन्द्र कुमार सोनी (52) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने लगभग सुलझा ली है। पुलिस की माने तो वारदात को अंजाम लूट नहीं हत्या के इरादे से दिया गया। इसके लिए दिल्ली और झारखंड से दो सुपारी किलर बुलाए गए थे। पूरी वारदात में कुल 6 लोगों के शामिल होने की बात आ रही है। एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि 2 संदेही को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका नाम गौरव कुमार है। वह झारखंड का रहने वाला है। उसके साथ दिल्ली का रहने वाला एक और सुपारी किलर शामिल है। दोनों 18 अक्टूबर को प्रयागराज में मिले। इसके बाद वहां कार से सड़क मार्ग से होते हुए रीवा और फिर रायपुर पहुंचे। आरंग में पहले दो आरोपी पहुंचे हुए थे, जो कि सुपारी देने वाले आरोपी के साथ मिलकर पिछले चार दिन से वारदात की प्लानिंग कर रहे थे। दिल्ली और झारखंड से मुख्य शूटर आने के बाद दो दिनों तक और आरंग में ही रहकर पूरी प्लानिंग की गई। 6 दिनों की कंप्लीट प्लानिंग करने के बाद सही मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया गया।

एक के बाद एक सीने में मारी गई 5 गोलियां
दुर्ग पुलिस की माने तो ये पूरी तरह से सुपारी किलिंग का मामला है। इसमें घर का कोई न कोई सदस्य शामिल है। जिसे सुरेंद्र कुमार सोनी की हर एक गतिविधि की बारीकी से जानकारी थी। आरोपी आए तो थे लूट के इरादे से लेकिन उनका मेन मकसद सुरेंद्र सोनी की हत्या करना था। एक ही गोली में सुरेंद्र सोनी के ढेर होने के बाद भी आरोपियों ने एकदम नजदीक से एक के बाद एक 5 गोलियां उनके सीने में दाग दीं।

यह पूरी घटना
अमलेश्वर के तिरंगा चौक में समृद्धि ज्वेलर्स नाम से सोने चांदी के आभूषणों की दुकान है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दो युवक सामान्य ग्राहक बनकर दुकान में आए। दुकान संचालक सुरेन्द्र कुमार सोनी (52 वर्ष) निवासी वुड आईलैंड कॉलोनी, उस समय दुकान में अकेले थे। युवकों ने उनसे कुछ गहने दिखाने को कहा। इसके बाद सुरेंद्र जेवर दिखाते रहे। इसी दौरान वे रैक से कुछ निकालने झुके। उनका सिर काउंटर से जैसे ही नीचे हुआ दोनों युवकों ने उनका सिर पकड़कर जोर से काउंटर पर मारा। फिर पिस्तौल निकाल ली और सुरेंद्र सोनी के ऊपर 5 गोलियां दाग दी। इससे वो लहूलुहान होकर कुर्सी में ढेर हो गए। इसके बाद दोनों आरोपी बड़े ही इत्मिनान से काउंटर और दुकान में रखे जेवरात व नगदी लेकर चले गए।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!