सरगुजा। पुलिस ने शुक्रवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1 करोड़ 15 लाख 76 हजार रुपए का सोना,13 लाख 7 हजार 600 नगद भी जब्त किया हैं। एएसपी विवेक शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कंचन होटल सदर बाजार रोड़ अंबिकापुर के रूम नंबर 106 में रुका है। उसके पास लाखों रुपए का सोना तथा नगदी रकम भी है। पुलिस ने इसकी जानकारी आला अधिकारियों को दी। ASP विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक रूपेश नारंग और स्टाफ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने होटल के रूम नंबर- 106 को खुलवाया, जहां एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम विष्णु कुमार तासावर (42) बताया। उसके पास रखे काले रंग के बैग की जब तलाशी ली गई, तो उसमें से सोने के गहने और नगद बरामद हुआ। पुलिस को आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद सभी गहनों और कैश को जब्त कर लिया गया। आरोपी पश्चिम बंगाल के कोलकाता के नेताजी सुभाष रोड हावड़ा का रहने वाला है।
उधर, सोने के गहनों की जब जांच करवाई गई, तो वो 1 किलो 667 ग्राम 860 मिलीग्राम पाया गया, वहीं 13 लाख 7,600 नगद भी पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी विष्णु कुमार तासावर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
