5 साल की बच्ची के सामने मां और नानी की हत्या, फिर खुद ही पहुंचा थाने

by sadmin
Spread the love

रायपुर में एक वकील ने अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी। आरोपी वकील के सिर पर गुस्सा इस कदर सवार था कि उसने लोहे की रॉड से पत्नी और सास के सिर पर कई वार किए। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। इस समय उसकी 5 साल की बेटी भी वहीं थी।

रिंग रोड से लगे मैना रेस्टोरेंट के पीछे बनी रिहायशी कॉलोनी में यह वारदात हुई है। वकील अपने परिवार के साथ पास ही रह रहा था। फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक वकील का नाम सौरभ उपाध्याय है। जांच से जुड़े अफसरों ने बताया कि सौरभ का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। अफसरों ने बताया कि आए दिन परिवार के बीच कई बातों को लेकर विवाद भी हुआ करता था। गुरुवार की दोपहर तीनों के बीच बहस बढ़ गई। झुंझलाकर सौरभ ने लोहे की रॉड से पत्नी और सास पर हमला कर दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई थी।

पुलिस से बोला-मैंने दोनों को मार दिया
पुलिस ने बताया कि आरोपी सौरभ हत्या करने के बाद अपनी बेटी को लेकर थाने चला गया। वहां थाने के स्टाफ कुछ समझ नहीं पाया। मगर आरोपी जाकर बेंच पर बैठा और बोला-मैंने अपनी पत्नी और सास का अभी मर्डर किया है। सरेंडर करने आया हूं। ये सुनकर पुलिस की टीम फौरन सौरभ की पत्नी के घर गई, वहां लाशें पड़ीं थीं। इस बीच अब तक की पूछताछ में सौरभ ने बताया कि पत्नी से बहस के बाद उसने कूलर स्टैंड के लिए लगे लोहे के रॉड को निकाला और पत्नी के सिर पर दे मारा, बीच-बचाव करने सास आई तो उसे भी नहीं छोड़ा और उसके सिर पर भी ऐसे ही हमला कर दोनों की हत्या कर दी। सौरभ और मनिषा की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी। दोनों की 5 साल की बेटी है। शादी के कुछ वक्त तक तो दोनों के बीच रिश्ते ठीक थे, मगर इसके बाद दोनों के बीच तकरार बढ़ने लगी। बढ़ते हुए झगड़ों से तंग आकर मनीषा ने मां के घर जाकर रहने का फैसला कर लिया।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!