निगमबोध घाट पर पहुंची राजू श्रीवास्तव की अंतिम यात्रा, कुछ देर में होगा राजू का अंतिम संस्कार

by sadmin
Spread the love

नई दिल्ली    कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की अंतिम यात्रा दिल्ली के निगमबोध शमशान पहुंच गई है। अंतिम संस्कार की विधि भी शुरू हो चुकी है। कुछ ही देर में राजू का अंतिम संस्कार किया जाएगा। आज सुबह 9.30 बजे दिल्ली के दशरथपुर, द्वारिका से उनकी शवयात्रा शुरू हुई थी, ये राजू के भाई का घर है। इसमें बड़ी संख्या में राजू के फैंस भी शामिल हुए। अंतिम यात्रा में कॉमेडियन सुनील पॉल, एहसान कुरैशी सहित कई लोग शामिल हैं। डेढ़ महीने से ज्यादा समय तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद आखिरकार 21 सितंबर को 58 साल की उम्र में राजू का निधन हो गया। उनको 10 अगस्त को एक्सरसाइज करते हुए हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद से ही वो दिल्ली एम्स में 42 दिनों से एडमिट थे। इलाज के दौरान उनकी हालत स्थिर हुई। कल अचानक उनकी हालत फिर बिगड़ गई थी। अंतिम यात्रा के लिए परिजनों के अलावा, कई रिश्तेदार, नेता और सेलिब्रिटीज भी राजू के घर पहुंचे। कल शाम से द्वारिका के दशरथपुर में उनकी अंतिम यात्रा की तैयारी चल रही थी। राजू की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में फैंस भी शामिल हुए। जगह-जगह राजू की पार्थिव देह ले जा रही एंबुलेंस पर फूल भी बरसाए गए। फैंस उन्हें नम आंखों से विदाई दी। उड़ीसा के फेमस सेंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने भी राजू को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने पुरी बीच पर आज राजू श्रीवास्तव के चित्र वाली कलाकृति बनाई। अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है – हंसाते-हंसाते रुला दिया। आप लाखों फैंस के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। राजू के पार्थिव शरीर को कल द्वारका के पास दशरथपुरी ले जाया गया था। उनके छोटे भाई दीपू श्रीवास्तव और बड़े भाई सीपी श्रीवास्तव कल शाम दिल्ली पहुंच गए थे। राजू के फैमिली मेंबर ने  बातचीत के दौरान बताया कि कल सुबह उनका बीपी एकदम लो हो गया, जिसके बाद उन्हें सीपीआर दिया गया लेकिन फिर उन्होंने रिस्पॉन्ड नहीं किया। परिजनों ने ये भी बताया कि राजू की तबीयत में सुधार हो रहा था और उनका वेंटिलेटर 2-3 दिन में हटाया जाना था। इसके साथ ही उनकी दवा की खुराक भी कम कर दी गई थी।

पत्नी शिखा ने कहा राजू को असली फाइटर

राजू के निधन के बाद उनकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव का बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि राजू ने बहुत हिम्मत से लड़ाई लड़ी। मुझे उम्मीद थी कि वो ठीक हो जाएंगे, मैं उनके जल्दी स्वस्थ होने की दुआ कर रही थी। मगर ऐसा नहीं हुआ। मैं यह कहना चाहूंगी कि वो एक असली फाइटर थे, जो आखिरी समय तक लड़े।

PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

PM नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़े सेलेब्स जैसे अक्षय कुमार, अजय देवगन आदि ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

हार्ट अटैक से पहले किया था यमराज और मौत का जिक्र

राजू के निधन के बाद उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो यमराज और मौत का जिक्र करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में राजू कहते हैं कि काम ऐसे करो कि यमराज भी बोलें भाई साहब आप भैंसे पर बैठिए, मैं पैदल चलता हूं। राजू ने ये वीडियो हार्ट अटैक से 17 दिन पहले सोशल मीडिया पर शेयर किया था। अब फैंस इस वीडियो को देखकर काफी भावुक हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!