पीएम मोदी के सहारे मंडी सीट पर कांग्रेस को बड़ी सियासी चोट देने की तैयारी में है भाजपा

by sadmin
Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां भी रफ्तार पकड़ती नजर आ रही हैं। खबर है कि पीएम नरेंद्र मोदी के सहारे भाजपा राज्य की मंडी सीट पर कांग्रेस को बड़ी सियासी चोट देने की तैयारी में है। पीएम मोदी इस महीने मंडी में रैली करने वाले हैं। पहाड़ी राज्य में इस साल के अंत तक चुनाव हो सकते हैं। साथ ही गुजरात भी चुनावी दौर से गुजरने के लिए तैयार है।    दरअसल, मंडी सीट राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के खाते में है। वह राज्य में कांग्रेस प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि साल 2019 में कांग्रेस ने इस सीट को जीता था और अब यह रैली उसे सीधी चुनौती की तरह होगी। उन्होंने कहा, ‘पीएम ने इस रैली के जरिए कांग्रेस के खिलाफ सीधी जंग शुरू कर दी है।’  रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों का मानना है कि राज्य में दोनों पार्टियां एक के बाद एक सत्ता में आती हैं। इसके चलते भाजपा भी कांग्रेस को दौड़ से बाहर नहीं मान रही है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पूर्व सीएम सिंह की विरासत को बचाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में मंडी की रैली और भी दिलचस्प हो गई है।’ मंडी संसदीय क्षेत्र में 17 सीटें हैं। इनमें से 10 सीटें मंडी जिले, 5 कुल्लू, 1 शिमला और 1 लाहौल स्पीती में आती हैं। रैली की जिम्मेदारियां भारतीय जनता युवा मोर्चा को सौंपी गई हैं। सूत्रों का कहना है कि पीएम की मंजूरी के बाद तारीख तय की जाएगी। 68 सदस्यीय हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भाजपा एक बार फिर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है। खास बात है कि राज्य के इतिहास में किसी पार्टी को लगातार दूसरी बार सत्ता संभालने का मौका नहीं मिला।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!