चुनाव से पहले कांग्रेस के और दो नेताओं ने छोड़ा हाथ का साथ, 17 को जॉइन करेंगे भाजपा

by sadmin
Spread the love

अहमदाबाद | गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले ही अब तक कांग्रेस को कई झटके लग चुके हैं| गुजरात कांग्रेस के और दो नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और आनेवाले दिनों में भाजपा का भगवा धारण कर सकते हैं| ये दो नेता हैं राज्य के पूर्व मंत्री नरेश रावल और पूर्व सांसद राजू परमार| नरेश रावल ब्रह्म समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि राजू परमार दलित समाज के बड़े नेता हैं| नरेश रावल ने पत्रकार परिषद में कहा कि मैंने और राजु परमार ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और आगामी 17 अगस्त को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा में शामिल होंगे| उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष से कांग्रेस में बहुत सारी समस्या हैं, लेकिन उनके कारणों में मैं पड़ना नहीं चाहता| मुख्य बात यह है कि कांग्रेस में टीम वर्क का अभाव है| कांग्रेस के लिए हमने काफी काम किया है, परंतु सच्चे कार्यकर्ताओं की कद्र नहीं की जाती| वर्षों तक पार्टी के प्रति वफादार रहने के बावजूद नजरअंदाज किए जाने की वजह से कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया है| उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमांड और प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ काफी कटु अनुभव रहे हैं| बता दें कि पिछले काफी समय से लगातार अवगणना से नरेश रावल नाराज चल रहे थे, जिसकी वजह से उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया है| गुजरात विधानसभा चुनाव के आडे गिनती के महीने रह गए हैं, ऐसे में 40 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े रहे नरेश रावल और राजु परमार के इस्तीफे से कांग्रेस को बड़ा नुकसान हो सकता है| गौरतलब है कि वर्ष 2017 के बाद से अब तक कांग्रेस के 15 जितने विधायक भाजपा जॉइन कर चुके हैं| जिसमें ब्रिजेश मेरजा और जितु चौधरी को भूपेन्द्र पटेल मंत्रिमंडल में जगह मिली है| जबकि अक्षय पटेल, जेवी काकडिया, प्रद्युम्नसिंह जाडेजा भाजपा जॉइन करने के बाद उपचुनाव में दोबारा विधायक चुने गए| लूणावाडा के पूर्व विधायक हीरा पटेल भी कुछ समय पहले भाजपा में शामिल हुए हैं| कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सागर रायका, जयराजसिंह परमार और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रमुख हार्दिक पटेल भी भगवा धारण कर चुके हैं|

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!