कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भाजपा अध्यक्ष नडडा का आरोप, सत्य को ग्रहण लगाने की कोशिश

by sadmin
Spread the love

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस पर करारा हमला बोलकर कहा कि वह एक परिवार को देश तथा कानून से ऊपर समझती है। ईडी ने ‘‘नेशनल हेराल्ड’’ अखबार से जुड़े कथित धनशोधन के मामले में पूछताछ के लिए बुधवार को तीसरी बार कांग्रेस अध्यक्ष को तलब किया है। इसके विरोध में कांग्रेस नेता देश भर में ‘‘सत्याग्रह’ कर रहे हैं। नड्डा ने कहा, यह सत्याग्रह नहीं है। यह असत्य के लिए आग्रह है। सच बात ये है कि सत्य को ग्रहण लगाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो विषय उठा रही हैं, वह ना तो देश के लिए और ना ही पार्टी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक परिवार को बचाने का कुत्सित प्रयास है।’’ नड्डा ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपयों का घोटाला हुआ हैं, उस घोटाले के बारे में एजेंसियों को जवाब देने की आवश्कता है लेकिन ‘‘परिवार’’ अपने आपको देश और कानून से ऊपर समझता है। उन्होंने कहा, उनसे कोई पूछताछ की हिमाकत करे, तब वह उन्हें नागवार गुजरता है। नडडा ने कहा कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के कुछ प्रावधानों की वैधता को उच्चतम न्यायालय द्वारा बरकरार रखने के फैसले का उल्लेख कर कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और कानून के सामने विषयों को रखना किसी भी व्यक्ति का अधिकार है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और ‘‘परिवार’’ को नियम के अनुसार चलना चाहिए और कानून का जवाब देना चाहिए। ज्ञात हो कि उच्चतम न्यायालय ने पीएमएलए के कुछ प्रावधानों की वैधता को बुधवार को बरकरार रखते हुए कहा कि हर मामले में ईसीआईआर (प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट) अनिवार्य नहीं है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!