हीटवेव से बेहाल यूरोप, इंग्लैंड और वेल्स में तापमान 35 डिग्री पर पहुंचा, स्पेन में तीन दर्जन स्थानों पर लगी आग

by sadmin
Spread the love

लंदन । भीषण गर्मी से पूरा यूरोप बेहाल है, यहां हीटवेव के कारण मध्य स्पेन में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके असर से इंग्लैंड और वेल्स में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसको देखते हुए एंबर हीट वार्निग जारी की गई है। हीटवेव की वजह से दर्जनों जंगल में आग लग गई है। हीटवेव अब यूरोप के उत्तर की ओर बढ़ रही है। ऐसे में एक्सपर्ट्स ने फ्रांस के बोर्डो शहर में पारा रिकॉर्ड 44 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई है। ब्रिटेन में सोमवार को अब तक का सबसे गर्म दिन रहने की आशंका के बीच देश में लोगों को घरों के अंदर रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि तापमान यहां पहली बार 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के करीब है। ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (यूकेएचएसए) ने राष्ट्रीय आपातकाल लागू किया है और मौसम विज्ञान कार्यालय ने अत्यधिक गर्मी का पहला ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। यह अलर्ट अत्यधिक गर्मी से जीवन के लिए खतरे की चेतावनी है। बुधवार को कुछ बारिश होने के पूर्वानुमान से पहले मंगलवार को लू के चरम पर पहुंचने का अनुमान व्यक्त किया गया है। ब्रिटेन में मौसम कार्यालय की मुख्य कार्यकारी प्रोफेसर पेनी एंडर्सबी ने कहा, ‘हम ब्रिटेन के इतिहास में सबसे गर्म दिन देख सकते हैं।’ उन्होंने कहा, मंगलवार) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक रहने की संभावना है, संभावित अनुमान 41 का है।’ उन्होंने कहा, ‘कुछ अनुमानों में यह आंकड़ा 43 का बताया जा रहा है, लेकिन हम उम्मीद कर रहे हैं कि यह उतना गर्म नहीं होगा।’ ब्रिटेन में इससे पहले सर्वाधिक तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस 2019 में दर्ज किया गया था। इधर, स्पेन में तीन दर्जन से ज्यादा स्थानों पर आग दहक रही है। इनमें से 2 दर्जन जंगलों की आग अभी भी काबू से बाहर है। देश के कुल 2/3 फायर फाइटर्स को बचाव और राहत कार्य में तैनात किया गया है। वहीं, एशियाई देश चीन के कई शहर इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। भयंकर गर्मी से बचने के लिए लोग अंडरग्राउंड शेल्‍टर्स में शरण लेने लगे है। मौसम विभाग ने चीन के 68 शहरों के लिए रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। इसमें शंघाई, नानजिंग भी शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान दौरान इन शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर सकता है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!