पुलिस प्रशासन का अपराध पर नही नियंत्रण:जितेंद्र वर्मा

by sadmin
Spread the love

पाटन। छत्तीसगढ़ भाजपा विधायक दल के स्थायी सचिव जितेन्द्र वर्मा ने एक  बार फिर पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन का अपराध पर नियंत्रण नहीं रह गया है। इसका ताजा उदाहरण सामने आया है। पाटन थाना क्षेत्र अंर्तगत आंवला बगीचा लोहरसी रवेली में तीन युवकों ने मिलकर एक युवक को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई। इससे साफ जाहिर है कि पुलिस प्रशासन अपराध पर लगाम नही कस पा रहा है। पाटन विधानसभा क्षेत्र छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह विधानसभा क्षेत्र है । मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा में अपराध काबू में नही है जिसका उदाहरण यह है कि बेकसूर अज्ञात युवक को तीन युवकों ने इस कदर मारा कि उसकी घटना स्थल पर मौत हो गई।एक अन्य घटना में  पाटन मोतीपुर मुख्य मार्ग में ग्राम सिकोला के पास 18 मई को शराब के नशे में धुत्त वाहन चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए ग्राम तरीघाट निवासी मोटर सायकिल सवार टोमन साहू को जोरदार टक्कर मार दिया था। जिससे मोटर सायकिल में सवार 8 वर्षीय टोमन साहू के सुपुत्र गगन साहू का मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई एवं टोमन साहू गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज हॉस्पिटल रायपुर में  चल रहा है। श्री वर्मा ने कहा पुलिस प्रशासन एक मूक दर्शक की तरह बैठा हुआ है जो अपराध के ऊपर लगाम कसने में असक्षम साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की लापरवाही चरम सीमा पर है इस तरफ ना तो  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और ना ही पुलिस प्रशासन कोई ठोस पहल कर रहा है। अज्ञात युवक का शव मरचुरी रखा गया है जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और दुखद है। श्री वर्मा ने इस घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि आज हालात इतने बिगड़ चुके हैं दिन दहाड़े  युवक की हत्या हो रही है मुख्यमंत्री इस पर कोई ठोस कार्रवाई नही कर रहे हैं। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का इन दोनों घटनाओं पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए त्वरित कार्यवाही की मांग की है। अगर ठोस कार्रवाई नही हुई तो जबरदस्त धरना प्रदर्शन एवं जन आंदोलन किया जाएगा व कुम्भकर्णी निद्रा में सोई पुलिस प्रशासन को जगाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!