राहुल गांधी की बेरुखी और विदेश यात्रा पर जाना पीके को नहीं लगा ठीक

by sadmin
Spread the love

नई दिल्ली । कांग्रेस के साथ लंबी चर्चा के बाद भी उसके साथ न जाने के प्रशांत किशोर के फैसले को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कहा जा रहा है कि कांग्रेस उनके कुछ सुझावों और मांगों को मानने के लिए तैयार नहीं थी, इसकारण बात नहीं बन सकी। लेकिन कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पीके अपने लिए कांग्रेस में अहमद पटेल जैसा रोल चाहते थे, जिस पर हाईकमान में सहमति बनती नहीं दिखी। लेकिन अब एक नई बात पीके के कैंप की ओर से सामने आई है। पीके के सूत्रों के हवाले से कहा गया है, कि राहुल गांधी की पूरी प्रजेंटेशन से बेरुखी ने भी बात को बिगाड़ने का काम किया।

प्रशांत किशोर के सूत्रों ने बताया कि उन्हें कांग्रेस को लेकर दो संदेह थे। पहला यह कि कांग्रेस लीडरशिप के मामले में बड़े बदलाव को लेकर तैयार नहीं थी, जिसे लेकर उन्होंने कहा था, कि प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाए या फिर किसी गैर-गांधी नेता को कमान दी जाए। इस पर कांग्रेस में सहमति बनती नहीं दिखी। साथ ही राहुल गांधी की इस पूरी कवायद से बेरुखी भी प्रशांत किशोर के मन में संदेह पैदा करने की वजह बन गई। हाईकमान के साथ पीके की बैठकों से एक तरफ राहुल गांधी ने दूरी बनाए रखी, वहीं ऐन मौके पर वह विदेश दौरे पर चले गए।

भले ही पार्टी अब भी कह  ही है कि वह बदलाव के लिए तैयार है, लेकिन प्रशांत किशोर को राहुल गांधी के रवैये के चलते उस पर भरोसा नहीं है। कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, ‘हम एक पार्टी हैं और उसमें बदलाव के लिए हम प्रक्रिया में हैं। हम निश्चित तौर पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं की उम्मीदों को पूरा करने के लिए बदलाव करने को तत्पर हैं।’ पीके के सूत्रों का कहना है कि उन्हें लगता है कि कांग्रेस का नेतृत्व उनके दिए सुझावों पर अमल के लिए तैयार नहीं दिख रहा है। इसके अलावा राहुल गांधी इसमें कोई रुचि ही नहीं दिखा रहे हैं।

पीके से जुड़े लोगों का कहना है कि उन्हें राहुल गांधी से साथ की उम्मीद थी, लेकिन वह अलग-थलग ही रहे। हालांकि प्रियंका गांधी ने पूरी उत्साह दिखाया और हर मीटिंग में शामिल रहीं। इसके अलावा सोनिया गांधी ने भी पूरी रुचि दिखाई और हर बैठक की अध्यक्षता भी की। लेकिन कांग्रेस में अब भी राहुल गांधी की टीम ही हावी है और वह प्रशांत किशोर के सुझावों को लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं दिखी। इसकारण प्रशांत किशोर में संदेह की स्थिति पैदा हो गई।  इस बीच कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने साफ भी कर दिया है कि पार्टी को किसी कंसल्टेंट की जरूरत नहीं है, बल्कि खुद में सुधार करना होगा। एक ट्विटर यूजर के ट्वीट पर जवाब देकर दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘मैं सहमत हूं। अंत में कांग्रेस को ही खुद में सुधार करना होगा। कंसल्टेंट हो या न हो। मुझे चिंतन शिविर से बड़ी उम्मीद है कि उसके जरिए नई कांग्रेस बनने की राह तय होगी, जो वक्त की जरूरत भी है।’

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!