अपने घनिष्ठ लोगों के समूह को और छोटा कर रहे हैं पुतिन

by sadmin
Spread the love

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूं तो बेहद कम लोगों से मिलते-जुलते हैं। उनके करीबी लोगों का ग्रुप भी बहुत छोटा है। क्रेमलिन में कम ही लोग उनका चेहरा देख पाते हैं। माना जा रहा है कि रहस्यमय जीवन जीने वाले पुतिन अपने घनिष्ठ लोगों के समूह को और छोटा कर रहे हैं। ये सवाल उठ रहे हैं चार रूसी अरबपति व्यवसायियों की संदिग्ध मौत से। साल 2022 की शुरुआत में  जब रूस हमले की तैयारी कर रहा था और दो महीने पहले युद्ध की शुरुआत तक, पुतिन से जुड़े गैस इंडस्ट्री के चार व्यवसायियों ने अपनी जान ले ली।द सन की एक रिपोर्ट इशारा कर रही है कि ये आत्महत्याएं नहीं बल्कि मर्डर थे।

   खबर के अनुसार सूत्रों का मानना है कि चारों रूसी व्यवसायियों की हत्या हुई थी क्योंकि इनकी मौत में कई समानताएं थीं। 25 फरवरी को गाजप्रोम के वरिष्ठ अधिकारी अलेक्जेंडर टायलाकोव का शव उनकी प्रेमिका को मिला था। 61 साल के अलेक्जेंडर ने फांसी लगा ली थी। तीन हफ्ते पहले परिवहन प्रमुख लियोनिद शुलमैन मृत पाए गए थे। 60 साल के शुलमैन खून से लथपथ हालत में अपनी बाथरूम की फर्श पर मिले थे। इसी तरह क्रेमलिन के पूर्व अधिकारी 51 वर्षीय व्लादिस्लाव अवायव अपनी पेंटहाउस में मरे मिले थे। उन्हें किसी ने गोली मारी थी। इसके कुछ दिनों बाद 55 साल के सर्गेई प्रोटोसेन्या स्पेन में फांसी लगाकर मृत पाए गए थे। वह नोवोटेक के पूर्व डिप्टी चेयरमैन थे, जो क्रेमलिन की करीबी कंपनी है। रिपोर्ट के मुताबिक टेलीग्राम चैनल पर लिखते हुए पूर्व एएसबी कर्नल गेनेडी गुडकोव ने लिखा, ‘हम देख रहे हैं कि शासन अपने विरोधियों और दुश्मनों के खात्मे में लगा हुआ है तो वे लोग कैसे बचेंगे जिन्हें वह देशद्रोही मानता है और जो सिस्टम से दूर भाग रहे हैं।’

  उन्होंने कहा कि कई मौतें ‘हिसाब बराबर’ करने जैसी प्रतीत होती हैं। दो हालिया घटनाओं में रूसी व्यवसायियों के परिवार को मार दिया गया जिससे संदेह पैदा होता है कि ‘आत्महत्याओं’ का ढोंग रचा गया था। व्लादिस्लाव अवायव, उनकी पत्नी और उनकी बेटी को गोली मारी गई थी। जांच में बंदूक अवायव के हाथ में मिली थी जो पहले पुतिन प्रशासन में काम करते थे। इसी तरह सर्गेई प्रोटोसेन्या, उनकी पत्नी और उनकी बेटी भी मृत पाए गए थे लेकिन कहीं भी मौके से सुसाइड लेटर बरामद नहीं हुआ था।

  यूक्रेन पर रूसी हमले के अगले दिन अलेक्जेंडर टायलाकोव फांसी के फंदे से लटकते पाए गए थे। रिपोर्ट्स का दावा है कि मरने से पहले उन्हें बुरी तरह पीटा गया था जो उनकी मौत को लेकर संदेह पैदा करने वाली बात है। अपने बाथरूम की फर्श पर खून से लथपथ मिले लियोनिद शुलमैन के पास एक सुसाइड नोट मिला था। इसमें क्या लिखा था इसका खुलासा नहीं किया। खबरों की मानें तो मौके पर एक चाकू बाथटब से बरामद हुआ था जो शुलमैन की पहुंचे से काफी दूर था। सबसे बड़ा संदेह तो यही बात है कि मरने वाले चारों रूसी व्यवसायियों का संबंध क्रेमलिन से था।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!