रायपुर में डेढ़ साल के बच्चे सहित प्रदेश में 4 की मौत

by sadmin
Spread the love

छत्तीसगढ़ में कोरोना की तीसरी लहर अब रोज जान लेने लगी है। मंगलवार को प्रदेश में चार मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों में डेढ़ साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। तबीयत खराब होने के बाद परिजन जब बच्चे को अस्पताल ले आए तब कोरोना का पता चला। तीन दिन इलाज के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। दंतेवाड़ा में एक दिन में ही 69 संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें एक शिक्षक समेत 7 स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने पहली से लेकर 5वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आज से बंद करने का आदेश जारी कर दिया है।

बीरगांव निवासी मैकेनिक पिता 9 जनवरी को अपने डेढ़ साल के बच्चे को लेकर राजधानी के एक निजी अस्पताल में पहुंचे थे। अस्पताल में भर्ती करने से पहले प्रोटोकॉल के तहत बच्चे का कोरोना टेस्ट हुआ। इसमें बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया। एक दिन भर्ती रखने के बाद निजी अस्पताल ने बच्चे को रायपुर एम्स रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को बच्चे की मौत हो गई।

कोरोना की तीसरी लहर ने बड़ी संख्या में बच्चों को अपनी चपेट में लिया है। बताया जा रहा है कि कुल संक्रमितों में करीब 15% की उम्र 18 साल से कम है। इस मान से प्रदेश भर में संक्रमित बच्चों की संख्या 3500 के आसपास होती है। इस लहर में किसी बच्चे की यह पहली मौत है। दूसरी लहर के दौरान भी कई बच्चों की जान गई थी।

मंगलवार को जिन तीन अन्य मरीजों की मौत हुई वे रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ जिलों के थे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक उन मरीजों को दूसरी बीमारियों के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां उनमें कोरोना संक्रमण की भी पुष्टि हुई थी। इलाज के दौरान उन लोगों ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में इस महामारी की वजह से अब तक 13 हजार 623 लोगों की जान जा चुकी है।

संक्रमण दर 9.21% तक पहुंच गया- छत्तीसगढ़ की संक्रमण दर बढ़कर 9.21% तक पहुंच गया है। एक जनवरी को यह दर केवल 1.18% था। दिसम्बर के दूसरे सप्ताह तक तो यह दर एक फीसदी से भी कम था। दिसम्बर के आखिरी सप्ताह से केस बढ़ने लगे और दो सप्ताह ही प्रदेश में मरीजों की संख्या बढ़कर 23 हजार से अधिक हो गई है।

 

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!