शाहरुख के बेटे की गिरफ्तारी के बीच परिवार को ड्रग्स से बचाना जरूरी: भागवत

by sadmin
Spread the love

मुंबई । मुंबई में क्रूज पर रेव पार्टी में शाहरुख खान के बेटे आर्यन की गिरफ्तारी को लेकर मचे हंगामे के बीच राष्ट्रीय स्वयंक सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि दूसरे देश हमारी संस्कृति को तोड़न के लिए मादक पदार्थ भेज रहे हैं और परिवार को इससे बचाना जरूरी है। मोहन भागवत ने हल्द्वानी में रविवार शाम परिवार प्रबोधन कार्यक्रम में कहा कि संस्कारित परिवार और संगठित समाज से समृद्ध राष्ट्र बनेगा। भागवत ने उत्तराखंड में हल्द्वानी दौरे के दूसरे दिन इस कार्यक्रम में कुटुम्ब का महत्व बताते हुए पश्चिमी संस्कृति और भारतीय संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज विदेशी हमारे परिवार और कुटुम्ब संस्कृति की परिकल्पना को साकार करने में लगे हैं और उसका अध्ययन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि परिवार और कुटुम्ब को जोड़ने के लिए अपनापन जरूरी है और जो परिवार और कुटुंब संगठित होगा तभी वह राष्ट्र समृद्ध होगा। भागवत ने कहा कि भीषण परिस्थितियों में भी हमें अपने कुटुम्ब और धर्म को नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने मादक पदार्थों से भी सचेत रहने का आह्वान करते हुए कहा कि दूसरे देश हमारी संस्कृति को तोड़ने के लिए मादक पदार्थों का सहारा ले रहे हैं और हमारे देश में ड्रग्स को भेज रहे हैं। इससे हमें सावधान रहना है और अपने परिवार और कुटुम्ब को बचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज की प्रगति के लिए समरसता जरूरी है और जिस दिन समाज में समरसता आएगी उस दिन स्वाभाविक रूप से राष्ट्र तरक्की करेगा। उन्होंने आगे कहा कि जिस दिन सोया राष्ट्र जगेगा, उस दिन भारत जगेगा। आरएसएस प्रमुख अपने प्रवास काल के अंतिम दिन मंगलवार को प्रचारकों से रूबरू होंगे और उनके साथ संगठन के विस्तार और अन्य मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!