अडाणी फिर एशिया के दूसरे और दुनिया के 14 वें सबसे अमीर बिजनेसमैन बने, मुकेश अंबानी टॉप पर

by sadmin
Spread the love

अमेरिका. अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी एक बार फिर एशिया के दूसरे सबसे अमीर बिजनेसमैन बन गए हैं। जबकि दुनिया में 14वें सबसे अमीर बिजनेसमैन हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एशिया में पहले और दुनिया में 12वें नंबर के सबसे अमीर बिजनेसमैन हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की 1 सितंबर को आई रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार अमेजन के जेफ बेजोस अभी भी दुनिया में पहले नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 200 अरब डॉलर के पार है। टेस्ला के मालिक एलन मस्क 199 अरब डॉलर के साथ दूसरे नंबर पर हैं। अरबपतियों की लिस्ट में मुकेश अंबानी की संपत्ति 6.55 लाख करोड़ रुपए थी। गौतम अडाणी की संपत्ति 5.24 लाख करोड़ रुपए थी।

पैसा कमाने में अडाणी हैं आगे
अंबानी रैंकिंग में भले ही अडाणी से आगे हैं, पर पैसा कमाने में अडाणी ने अंबानी को पीछे छोड़ दिया है। अडाणी ने जो पुरानी रैंकिंग फिर से हासिल की है, उसका कारण उनकी कंपनियों के शेयरों में तेजी है। उनकी तीन कंपनियों अडाणी पावर, अडाणी गैस और अडाणी ट्रांसमिशन के शेयरों में पिछले 10 दिनों से अच्छी तेजी है। अडाणी ट्रांसमिशन का शेयर रोज 5% अपर सर्किट के साथ बंद हो रहा है। इसने गुरुवार को 1 साल का नया हाई बनाया है। गुरुवार को यह 1,735 रुपए पर चला गया। इससे पहले इसका हाई 1,682 रुपए था।

अडाणी पावर का शेयर 5% के अपर सर्किट पर
जबकि अडाणी पावर भी 5% के अपर सर्किट के साथ 108 रुपए पर पहुंच गया है। अडाणी गैस 1,490 और अडाणी एंटरप्राइज 1,588 रुपए पर पहुंच गया है। यह सभी शेयर 14 जून के बाद से लगातार गिरावट में थे। इन शेयरों की कीमतें 40-50% तक गिर गई थीं और सभी शेयर 1,000 रुपए के नीचे के भाव पर आ गए थे।

विदेशी निवेशकों का पैसा फ्रीज किए जाने की खबर से गिरा शेयर
जून में अडाणी ग्रुप की कंपनियों में तीन विदेशी निवेशकों के निवेश को फ्रीज किए जाने की खबर आई थी। इसी के बाद से अडाणी की कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई। तब इस वजह से अडाणी दुनिया के अमीरों की रैंकिंग में 14 वें से 19 वें नंबर पर खिसक गए थे। उस समय उनकी संपत्ति 4.52 लाख करोड़ रुपए हो गई थी। कोरोना के दौरान पैसा कमाने के मामले में अडाणी आगे रहे हैं। अडाणी की संपत्ति 8.29 गुना बढ़ी जबकि मुकेश अंबानी की संपत्ति 1.15 गुना बढ़ी।

22 मई को अडाणी एशिया में दूसरे अमीर बिजनेसमैन बने थे
इससे पहले 22 मई 2021 को अडाणी एशिया के दूसरे नंबर के अमीर बिजनेसमैन बने थे। उस समय उनकी संपत्ति 4.98 लाख करोड़ रुपए थी। तब मुकेश अंबानी की संपत्ति 5.73 लाख करोड़ रुपए थी। मुकेश अंबानी दुनिया में तब 13 वें नंबर के सबसे अमीर बिजनेसमैन थे। 10 जून को अडाणी की संपत्ति 5.69 लाख करोड़ रुपए जबकि अंबानी की संपत्ति 6.13 लाख करोड़ रुपए हो गई थी।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!