रायपुर। ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है।भारतीय रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट के दाम कम कर दिए हैं। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब 50 रुपए नहीं पुराने दाम केवल 10 रुपए देने होंगे।
उत्तर रेलवे से मिली जानकारी अनुसार इस निर्णय से यात्रियों की परेशानियां कम हुई है। प्लेटफॉर्म टिकटों की कीमत पुराने रेट यानी 10 रुपए होने से यात्रा पर जाने वाले लोगों के परिजनों में खुशी है। अब स्टेशन पर वे ज्यादा समय तक परिजन के साथ रह पाएंगे।
जानकारी अनुसार दिवाली और छठ की वजह से प्लेटफॉर्म टिकटों की कीमतों को बढ़ाकर 50 रुपए प्रति टिकट कर दिया गया था। उत्तर रेलवे ने 14 रेलवे स्टेशनों पर मिलने वाले प्लेटफॉर्म टिकटों की कीमतों को कम किया है।
रेलवे के अनुसार इन स्टेशनों में लखनऊ, वाराणसी, बाराबंकी, अयोध्या कैंट, अयोध्या जंक्शन, अकबरपुर, शाहगंज, जौनपुर, सुल्तानपुर जंक्शन, रायबरेली, जंघाई, भदोही, प्रतापगढ़ और उन्नाव स्टेशन शामिल हैं। इन सभी स्टेशनों पर अब पुराने दरों पर ही टिकट मिलेंगे।
इस संबंध में उत्तर रेलवे की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा के अनुसार 14 रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की दरें घटाकर 10 रुपए कर दी गई है। दिवाली और छठ पूजा के कारण कीमतें बढ़ाकर 50 रुपए कर दी गई थीं, जिसे अब कम कर दिया गया है।
